प्रभात उजाला नेटवर्क....
प्रयागराज । प्रयागराज-कौशांबी बॉर्डर पर मनौरी इलाके में आज दोपहर एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट से पूरा इलाका दहल उठा। धमाका इतना जोरदार था कि पूरी फैक्ट्री जमींदोज हो गई और आसपास के 5 से 7 मकान भी क्षतिग्रस्त होकर ढह गए। हादसे के बाद फैक्ट्री में भीषण आग लग गई और काफी देर तक पटाखों के धमाके होते रहे। अब तक 5 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि करीब 15 लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक हादसा सोमवार दोपहर करीब 12 बजे हुआ। उस समय फैक्ट्री में लगभग 25 मजदूर काम कर रहे थे। अचानक हुए विस्फोट के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। धमाके की आवाज करीब 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि फैक्ट्री के आसपास मौजूद 5 से 7 मकान भी टूट गए।
हादसे में बची एक लड़की ने घटना की भयावहता बताई। उसने कहा, 'घर में मैं, मेरा छोटा भाई और मम्मी थीं। सिर्फ मैं ही बाहर निकल पाई। बाकी सभी उसी में दब गए।' लड़की के बयान से हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। फिलहाल प्रशासन का पूरा ध्यान मलबे में दबे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने पर है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। राहत एवं बचाव टीमों के साथ स्थानीय लोग भी अभियान में जुटे हैं।
