BREAKING

न्याय समागम 2.0 में पात्र लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ, दिव्यांगों को ट्राई साइकिल तो किसान को मिला ट्रैक्टर

jaunpur

जनपद न्यायाधीश सुशील कुमार शशि ने किया विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का शुभारंभ, विभिन्न विभागों ने लगाए स्टाल

प्रभात उजाला ब्यूरो 

जौनपुर। जनपद न्यायालय परिसर में रविवार को मेगा वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर 'न्याय समागम 2.0' का भव्य आयोजन किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों ने स्टाल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सुशील कुमार शशि ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद फीता काटकर शिविर का उद्घाटन किया गया। उन्होंने उद्यान, स्वास्थ्य, कृषि, महिला कल्याण समेत विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन तथा लाभार्थियों को दिए जा रहे लाभ की जानकारी ली। इस दौरान आईसीडीएस विभाग के स्टाल पर बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया।

शिविर में दिव्यांगजन कल्याण विभाग की ओर से दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल वितरित की गई। श्रम विभाग ने विभिन्न हितकारी योजनाओं के तहत श्रमिकों को चेक प्रदान किए। जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र की ओर से भी लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए। वहीं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को सम्मान निधि का लाभ दिया गया। विद्युत एवं शिक्षा विभाग की ओर से भी लाभार्थियों को चेक प्रदान किए गए। उद्यान विभाग ने बीज और फलदार पौधों का वितरण किया।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण कृषि विभाग की सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन योजना रही। इसके तहत जनपद न्यायाधीश सुशील कुमार शशि ने लाभार्थी अजय कुमार को ट्रैक्टर की चाबी सौंपकर उन्हें लाभान्वित किया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार यादव, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अजय अम्बष्ट, दीवानी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अवधेश सिंह सहित न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। टीडीबीएस इंटर कॉलेज कादीपुर की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post
DEEPAK SHUKLA

Deepak Shukla

Founder - Prabhat Ujala

Phone No : 9956212618, 8355053777, 94550537777

Amit Shukla

Amit Shukla

Co - Founder - Prabhat Ujala

Phone No : 9956212618, 8355053777, 94550537777